Monday, 02 March 2026

यमुना जल को लेकर भाजपा जनता को गुमराह कर रही है, दो साल में न डीपीआर बनी न काम दिखा: गोविंद सिंह डोटासरा


यमुना जल को लेकर भाजपा जनता को गुमराह कर रही है, दो साल में न डीपीआर बनी न काम दिखा: गोविंद सिंह डोटासरा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने यमुना जल परियोजना को लेकर भाजपा और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लगातार यमुना जल के नाम पर राजस्थान की जनता को भ्रमित कर रही है और केवल खोखले दावे किए जा रहे हैं। डोटासरा ने कहा कि केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने शनिवार को एक बार फिर जनता को भटकाने की कोशिश की, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।

राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पिछले दो वर्षों से यमुना का पानी राजस्थान लाने के दावे कर रहे हैं। उन्होंने विधानसभा में चार महीने के भीतर डीपीआर तैयार होने की बात कही थी, लेकिन आज तक न तो डीपीआर बनी है और न ही किसी तरह का काम धरातल पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने केवल जोर-जोर से झूठ बोलने में महारत हासिल कर ली है और सच्चाई से जनता का ध्यान भटकाया जा रहा है।

राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि शेखावाटी क्षेत्र को भाजपा सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में यमुना जल की एक बूंद भी नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि एमओयू के अनुसार पहले हरियाणा की पानी की जरूरतें पूरी होंगी और उसके बाद दिसंबर से मई के बीच यदि बरसाती पानी ओवरफ्लो होता है, तभी कुछ पानी राजस्थान को मिल सकता है। ऐसे में शेखावाटी को स्थायी जल आपूर्ति का दावा पूरी तरह भ्रामक है।

राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा ने यह भी कहा कि यमुना जल को लेकर आज तक कोई ठोस डीपीआर मौजूद नहीं है। उन्होंने 2011 में लक्ष्मणगढ़ के लिए इंदिरा गांधी नहर परियोजना के तहत 833 करोड़ रुपये की योजना का जिक्र करते हुए कहा कि 15 साल बीत जाने के बावजूद वह योजना भी पूरी नहीं हो सकी। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें करके जनता को गुमराह कर रही है, जबकि जल संकट का वास्तविक समाधान करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

Previous
Next

Related Posts