Friday, 13 March 2026

कोटा में 3 मंजिला इमारत ढही, दो की मौत, 15 लोगों को निकाला बाहर


कोटा में 3 मंजिला इमारत ढही, दो की मौत, 15 लोगों को निकाला बाहर

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

कोटा। शहर के तलवंडी इलाके में शनिवार रात करीब 9 बजे एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे के समय इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर एक रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

एनर्जी मिनिस्टर हीरालाल नागर का कहना है, "जो बिल्डिंग गिरी है, उसमें से 15 लोगों को बचाया गया है। बचाए गए लोगों में से दो की मौत हो गई है, और बाकी को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। पांच अभी हॉस्पिटल में भर्ती हैं, और बाकी को छुट्टी दे दी गई है… घटना के बारे में, निश्चित रूप से कारणों की जांच होगी, एक कमेटी बनाई जाएगी, और जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।"

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक तेज आवाज आई, जो पटाखों या ब्लास्ट जैसी लगी। इसके तुरंत बाद पूरी इमारत भरभराकर नीचे गिर गई। मलबे के अंदर से “बचाओ-बचाओ” की आवाजें सुनाई दे रही थीं, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए और तुरंत मदद के लिए दौड़े।

स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि इमारत के पीछे स्थित एक अन्य बिल्डिंग में कई दिनों से निर्माण कार्य चल रहा था। वहां रोजाना ड्रिल मशीन और हैमर का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे आसपास की इमारतों में लगातार कंपन महसूस हो रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी कंपन के कारण कमजोर संरचना वाली यह बिल्डिंग ढह गई।

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। राहत और बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा। हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।

    Previous
    Next

    Related Posts