



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर राजस्थान लोक सेवा आयोग को शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने RPSC द्वारा आयोजित RAS भर्ती परीक्षा को “शुद्धता और पारदर्शिता” के नए मानक स्थापित करने वाला कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि RAS भर्ती परीक्षा के प्रत्येक चरण में 100 प्रतिशत पारदर्शिता सुनिश्चित की गई, ताकि केवल मेहनत और योग्यता ही सफलता का आधार बने। उन्होंने विशेष रूप से इस बात को रेखांकित किया कि इस बार रिकॉर्ड समय में परिणाम जारी कर गरीब और सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाले मेहनती युवाओं के समय और परिश्रम का सम्मान किया गया है।
भजनलाल शर्मा ने अपने संदेश में कहा कि पहली बार UPSC की तर्ज पर RPSC ने भी सभी सफल अभ्यर्थियों के नाम और रोल नंबर सार्वजनिक किए हैं, जो पूरी प्रक्रिया की ईमानदारी और निष्पक्षता का प्रमाण है। इससे परीक्षा प्रणाली पर युवाओं का भरोसा और मजबूत हुआ है।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार पारदर्शी, निष्पक्ष और पूरी तरह लीक-फ्री परीक्षा व्यवस्था के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने सभी सफल अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए RPSC टीम को इस ऐतिहासिक और अनुकरणीय प्रबंधन के लिए विशेष शुभकामनाएं दीं।