



जयपुर। बजट में घोषणा के करीब एक साल बाद जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (JCTSL) के अधिकारियों ने इलेक्ट्रिक बसों की खरीद की प्रक्रिया शुरू की है। सोमवार को 155 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद के लिए एनआईटी (निविदा) जारी की गई। राज्य सरकार ने पिछले वर्ष के बजट में राजस्थान के सात जिलों के लिए इन बसों की घोषणा की थी।
एनआईटी के अनुसार ये इलेक्ट्रिक बसें राजस्थान के सात प्रमुख शहरों—जयपुर, जोधपुर, अजमेर, कोटा, बीकानेर और भरतपुर—के लिए खरीदी जाएंगी। बसों की आपूर्ति के लिए इच्छुक कंपनियां 15 मार्च तक आवेदन कर सकेंगी।
कुल 155 इलेक्ट्रिक बसों में से जयपुर को 50 बसें मिलेंगी, जबकि शेष बसें अन्य शहरों में चलाई जाएंगी। इन बसों के संचालन से शहरी परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और यात्रियों को बेहतर, सुगम तथा सस्ती यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।
अधिकारियों के अनुसार, इलेक्ट्रिक बसों के शुरू होने से प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। डीजल बसों की तुलना में ई-बसें शून्य उत्सर्जन के साथ चलेंगी, जिससे वायु गुणवत्ता में सुधार होगा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। शहरों में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और प्रदूषण के बीच यह कदम सार्वजनिक परिवहन को अधिक टिकाऊ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।