Saturday, 29 August 2026

बीकानेर जाते समय भाजपा कार्यालय पहुंचीं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, बोलीं—कार्यकर्ताओं के दम पर भाजपा बरगद की तरह मजबूत


बीकानेर जाते समय भाजपा कार्यालय पहुंचीं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, बोलीं—कार्यकर्ताओं के दम पर भाजपा बरगद की तरह मजबूत

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सोमवार को बीकानेर जाते समय भाजपा कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के दम पर लगातार आगे बढ़ रही है। कार्यकर्ताओं से रूबरू होते हुए उन्होंने सीकर से जुड़ी पुरानी यादों को साझा किया और कहा कि मंच पर बैठे कई लोगों की शक्लें भले ही बदल गई हों, लेकिन पुराना संघर्ष और समर्पण आज भी दिलों में जीवित है।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि जब शेखावाटी क्षेत्र में पार्टी का काम शुरू किया गया था, तब सभी कार्यकर्ता चुस्त-दुरुस्त और जवान नजर आते थे। समय के साथ उम्र बढ़ी है, लेकिन पार्टी के प्रति निष्ठा और संघर्ष की भावना आज भी उतनी ही मजबूत है।

भाजपा अब बरगद के पेड़ की तरह
धोद विधायक गोरधन वर्मा से चर्चा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि पहले धोद विधानसभा में चुनावी रणनीति बनाते समय यह सोचना पड़ता था कि जीत कैसे हासिल की जाए। अब धोद विधायक ने कार्यकर्ताओं की एक मजबूत फौज तैयार कर ली है और भाजपा खुद बरगद के पेड़ की तरह खड़ी है। उन्होंने कहा कि आज धोद में कांग्रेस, कॉमरेड और अन्य पार्टियां कहीं नजर नहीं आतीं। इसी तरह बाकी क्षेत्रों में भी पार्टी को विस्तार देने की जरूरत है।

पूर्व विधायक से मजाकिया अंदाज में बातचीत
कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने विधानसभा चुनाव 2023 में सीकर से भाजपा प्रत्याशी रहे रतनलाल जलधारी से बातचीत की। चुनावी चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि इस बार उनका बैडलक रहा, इसलिए चुनाव हार गए। इसी बीच धोद विधायक गोरधन वर्मा ने बताया कि 51 किलो की माला पहनाने वालों में रतनलाल जलधारी के पोते यश भी शामिल थे। इस पर वसुंधरा राजे ने हंसते हुए कहा—“अब तो आपका पोता सक्रिय हो गया है, आप घर जाकर आराम कीजिए।”

भाजपा कार्यालय की सराहना
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सीकर भाजपा कार्यालय के भवन की सराहना करते हुए कहा कि यहां का इंटीरियर काफी आकर्षक और आधुनिक है। उन्होंने कहा कि अच्छी लोकेशन पर इस कार्यालय का निर्माण किया गया है। पुराने दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि पहले पार्टी कार्यालय अक्सर कार्यकर्ताओं के घरों में ही संचालित होते थे, लेकिन अब संगठनात्मक मजबूती का यह प्रतीक है।

    Previous
    Next

    Related Posts