



लोकसभा में सोमवार को उस समय भारी हंगामा देखने को मिला, जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपने भाषण के दौरान पूर्व सेना प्रमुख जनरल नरवणे की एक अनपब्लिश्ड पुस्तक का हवाला देने लगे। राहुल गांधी ने कहा कि लद्दाख सीमा के पास चार चीनी टैंक पहुंच गए थे। उनके इस बयान पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने कड़ा विरोध जताया।
राहुल गांधी के बयान के तुरंत बाद पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और फिर गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें टोका। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ने नियमों का हवाला देते हुए राहुल गांधी को ऐसे संवेदनशील विषयों पर संदर्भ देने से रोका। सदन में बढ़ते शोर-शराबे के बीच राहुल करीब 46 मिनट तक अपनी बात रखने की कोशिश करते रहे, लेकिन लगातार व्यवधान के कारण कार्यवाही को दोपहर 3 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा।
दोपहर 3 बजे कार्यवाही शुरू होते ही राहुल गांधी ने फिर से बोलना शुरू किया, लेकिन हंगामा थमने के बजाय और तेज हो गया। नतीजतन महज 9 मिनट बाद ही लोकसभा की कार्यवाही को शाम 4 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। शाम 4 बजे भी जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, फिर से हंगामा हुआ और 11 मिनट बाद लोकसभा की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई।
इस दौरान राहुल गांधी को सबसे अधिक बार सत्ता पक्ष के नेताओं ने टोका। जानकारी के अनुसार, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें 11 बार, गृह मंत्री अमित शाह ने 7 बार, संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने 2 बार और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने 6 बार रोका। लगातार स्थगनों के कारण दिनभर सदन की कार्यवाही लगभग ठप रही।