



राजस्थान में एसआई भर्ती परीक्षा-2021 से जुड़े पेपरलीक प्रकरण में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी ने लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी वांटेड आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने डमी कैंडिडेट बनकर तीन अलग-अलग अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देकर उन्हें अवैध रूप से चयनित करवाया था।
एडीजी (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि एसओजी ने सोमवार दोपहर वांटेड आरोपी अशोक कुमार (31) पुत्र जगमालराम, निवासी मटोल पाट, फलोदी को गिरफ्तार किया है। वह एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपरलीक मामले में वर्ष 2024 से फरार था। आरोपी की गिरफ्तारी पर एसओजी की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
तीन दिन, तीन अभ्यर्थी—डमी बनकर दी परीक्षा
जांच में सामने आया कि अशोक कुमार ने एसआई भर्ती परीक्षा-2021 के दौरान लगातार तीन दिन डमी कैंडिडेट बनकर परीक्षा दी। उसने 13 सितंबर, 14 सितंबर और 15 सितंबर 2021 को आयोजित परीक्षाओं में श्याम प्रताप सिंह, श्रवण कुमार गोदारा और मदन लाल के स्थान पर बैठकर लिखित परीक्षा दी, जिससे ये अभ्यर्थी अवैध रूप से चयनित हुए।
एसओजी ने आरोपी को फलोदी पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया। मामले में अब तक एसओजी द्वारा 63 ट्रेनी एसआई, 6 चयनित एसआई सहित कुल 139 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। प्रकरण में आगे की जांच जारी है और शेष आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।