



रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को रेल बजट 2026–27 की जानकारी देते हुए राजस्थान से जुड़े प्रमुख रेल प्रोजेक्ट्स का ब्यौरा साझा किया। उन्होंने कहा कि रेल बजट में राजस्थान को 10 हजार करोड़ रुपये का आवंटन मिला है, जो कांग्रेस शासन के दौरान मिलने वाले बजट की तुलना में करीब 15 गुना अधिक है। वर्तमान में प्रदेश में 56 हजार करोड़ रुपये की लागत से रेल परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि राजस्थान में रेलवे इलेक्ट्रिफिकेशन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। कुछ ही ट्रैक शेष हैं, जिन पर तेजी से काम चल रहा है। जैसे-जैसे इलेक्ट्रिफिकेशन पूर्ण होगा, वैसे-वैसे नए रेल प्रोजेक्ट्स और नई ट्रेनों की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने बताया कि राजस्थान से कई नई और लोकप्रिय गाड़ियां पहले ही शुरू की जा चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि जोधपुर और बीकानेर से वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू हो चुका है। इसके अलावा जैसलमेर से स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस भी चालू कर दी गई है। जोधपुर और पाली से हैदराबाद, चेन्नई और पुणे के लिए नई ट्रेन सेवाएं शुरू की गई हैं। आने वाले समय में और भी नई गाड़ियों के संचालन की तैयारी है।
एक महीने में पूरा होगा जैसलमेर स्टेशन का रिडेवलपमेंट
नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने बताया कि नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के 5 स्टेशनों का उद्घाटन पहले ही हो चुका है और आने वाले कुछ महीनों में 10 और स्टेशनों का उद्घाटन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जैसलमेर रेलवे स्टेशन के रिडेवलपमेंट का कार्य अगले एक महीने में पूरा हो जाएगा, जिसके बाद इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि जयपुर रेलवे स्टेशन की सेकंड एंट्री का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और इसे शीघ्र ही शुरू किया जाएगा, जिससे यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
गांधीनगर रेलवे स्टेशन का काम अंतिम चरण में
महाप्रबंधक अमिताभ ने जानकारी दी कि गांधीनगर रेलवे स्टेशन के कॉनकोर्स का कार्य अंतिम चरण में है। शेष कार्य अगले दो महीनों में पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद स्टेशन का उद्घाटन किया जाएगा।