



जयपुर। “जनसेवा ही पुण्य का कार्य है”—इस भाव के साथ नरवर आश्रम सेवा समिति, श्री खोले के हनुमान जी महाराज मंदिर ट्रस्ट, जयपुर की ओर से सर्दी से बचाव हेतु विद्यार्थियों को स्वेटर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम समिति के अध्यक्ष गिरधारी लाल शर्मा के सानिध्य में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर पीईईओ रा.उ.मा.वि. रायपुर के अंतर्गत सभी स्कूलों के 397 तथा पीईईओ रा.उ.मा.वि. महंगी के 753 विद्यार्थियों सहित कुल 1150 बालक-बालिकाओं को स्वेटर वितरित किए गए। स्वेटर पाकर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान देखने को मिली।
अध्यक्ष गिरधारी लाल शर्मा ने कहा कि श्रद्धेय राधेलाल चौबे द्वारा बताए गए जनसेवा के मार्ग पर चलते हुए समिति प्रतिवर्ष राजकीय विद्यालयों के लगभग 5000 विद्यार्थियों को स्वेटर वितरित करती है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम छोर तक सहायता पहुंचाना ही समिति का मूल उद्देश्य है।
कार्यक्रम में रायपुर के प्रधानाचार्य राजू लाल मीना एवं महंगी के प्रधानाचार्य राधा किशन मीना ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण एवं साफा बांधकर स्वागत-सम्मान किया तथा समिति का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन रायपुर से ओम प्रकाश टेलर एवं महंगी से माधो लाल गुर्जर ने किया।