Saturday, 29 August 2026

मुख्यमंत्री निवास पर नियमित जनसुनवाई, आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश


मुख्यमंत्री निवास पर नियमित जनसुनवाई, आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर नियमित जनसुनवाई आयोजित की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का सर्वोच्च प्राथमिकता से निस्तारण करने, प्रभावी फॉलोअप सुनिश्चित करने तथा समाधान में किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम छोर के व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण राहत पहुंचाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का समाधान कर रही है। “अंतिम छोर के व्यक्ति तक राहत पहुंचाना हमारी नीति और नीयत है,”—यह कहते हुए उन्होंने जनसेवा की भावना के अनुरूप कार्य नहीं करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री शर्मा ने ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, श्रम, कृषि, गृह, राजस्व, जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल सहित विभिन्न विभागों से संबंधित परिवेदनाओं को सुना और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। महिलाओं, युवाओं, दिव्यांगजन और वृद्धजनों सहित सभी परिवादियों ने समस्याओं के त्वरित समाधान पर संतोष व्यक्त किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री शर्मा ने विभिन्न संस्थाओं द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों के पोस्टरों का विमोचन भी किया। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।

Previous
Next

Related Posts