



सीकर। केंद्र सरकार के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इसे राजस्थान के लिए पूरी तरह निराशाजनक बताया है। उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पिछले दो वर्षों में लगभग 60 बार दिल्ली गए, इसके बावजूद राजस्थान के लिए एक रुपये का भी विशेष पैकेज या तोहफा नहीं ला पाए। डोटासरा ने तंज कसते हुए कहा कि राजस्थान में अभी तीन साल तक कोई बड़ा चुनाव नहीं है, इसलिए केंद्र सरकार ने राज्य को “फूटी कौड़ी” तक नहीं दी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने रविवार को सीकर स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में कहा कि यदि राजस्थान को विधानसभा चुनाव के बाद जिस तरह “पर्ची” मिली थी, उसी तरह इस बजट में भी कोई पर्ची मिल जाती तो कुछ न कुछ तो निकल ही आता, लेकिन इस बार तो पूरी तरह शून्यता है। उन्होंने कहा कि यह बजट गरीब, दलित, पिछड़े वर्गों, ग्रामीण क्षेत्रों और पिछड़े इलाकों के लिए किसी भी तरह की राहत नहीं देता।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने आरोप लगाया कि राजस्थान में पर्यटन की अपार संभावनाएं होने के बावजूद केंद्र सरकार ने इसके लिए कोई विशेष पैकेज नहीं दिया। जल जीवन मिशन, ERCP, मानगढ़ धाम, एनसीआरपी राष्ट्रीय परियोजना और बांसवाड़ा रेल परियोजना जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी बजट पूरी तरह मौन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान में आकर कई घोषणाएं की थीं, लेकिन बजट में उनका कोई प्रतिबिंब दिखाई नहीं देता।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि कर्मचारी वर्ग इनकम टैक्स स्लैब में राहत की उम्मीद कर रहा था, लेकिन उसमें भी कोई बदलाव नहीं किया गया। सरकार ने एक साल में दो करोड़ लोगों को रोजगार देने की बात कही थी, परंतु बजट में रोजगार सृजन को लेकर कोई ठोस घोषणा नहीं है। उन्होंने शेयर बाजार में आई गिरावट का जिक्र करते हुए कहा कि यदि किसी देश के बजट के बाद बाजार गिरता है, तो यह साफ संकेत है कि बजट लोगों की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मुख्यमंत्री से सवाल पूछते हुए कहा कि आप दो साल में 60 बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और केंद्रीय मंत्रियों से मिले, लेकिन राज्य को मिला क्या? किसान की आय दोगुनी करने के वादे की बात करते थे, लेकिन बजट में किसानों पर दोहरी मार पड़ी है। राजस्थान जैसे जल संकट वाले राज्य के लिए पानी से जुड़ी किसी भी बड़ी योजना की घोषणा न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
भाजपा नेताओं द्वारा बजट को ऐतिहासिक और बेहतरीन बताए जाने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें आलाकमान को खुश रखने के लिए ऐसा कहना ही पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता बस यही कहेंगे कि 2047 में भारत विकसित हो जाएगा, लेकिन आज की समस्याओं—रोजगार, महंगाई, वेतन और जीवन-यापन—का कोई समाधान बजट में नहीं है। कर्मचारी का वेतन 15 दिन में खत्म हो जाता है और बाकी 15 दिन का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने यह भी आरोप लगाया कि इस बजट में केवल तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और केरल जैसे राज्यों पर फोकस किया गया है, जहां आने वाले समय में चुनाव हैं। राजस्थान में तीन साल तक चुनाव नहीं होने हैं, इसलिए राज्य को उसके जीएसटी योगदान के अनुरूप भी कुछ नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि राजस्थान के हक का पैसा राजस्थान को मिलना चाहिए था, लेकिन केंद्र सरकार ने राज्य के साथ अन्याय किया है।