Wednesday, 04 February 2026

SMS हॉस्पिटल के सीनियर सर्जन डॉ. बी.एल. यादव का कार्डियक अरेस्ट से निधन, चिकित्सा जगत में शोक


SMS हॉस्पिटल के सीनियर सर्जन डॉ. बी.एल. यादव का कार्डियक अरेस्ट से निधन, चिकित्सा जगत में शोक

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। सवाई मानसिंह (SMS) हॉस्पिटल के वरिष्ठ जनरल सर्जन और ट्रॉमा सेंटर के नोडल ऑफिसर डॉ. बी.एल. यादव का कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। वे महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में एक सर्जन कॉन्फ्रेंस में भाग लेने के लिए गए हुए थे। रविवार को वहां अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा, जिसके बाद उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

डॉ. बी.एल. यादव SMS मेडिकल कॉलेज के जनरल सर्जरी विभाग में सीनियर प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थे। चिकित्सा क्षेत्र में उनका लंबा और सम्मानजनक अनुभव रहा है। पिछले वर्ष ही उन्हें SMS ट्रॉमा सेंटर का नोडल ऑफिसर नियुक्त किया गया था। वे जयपुर जिले के बेगस क्षेत्र के निवासी थे और अपने सरल स्वभाव व कुशल सर्जिकल क्षमता के लिए जाने जाते थे।

बताया गया है कि सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उन्हें सीपीआर और अन्य आवश्यक उपचार दिया। इसके बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। उनके असामयिक निधन से चिकित्सा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

गौरतलब है कि महज तीन दिन पहले ही डॉ. यादव ने अपनी टीम के साथ SMS हॉस्पिटल में एक जटिल सर्जरी कर महिला मरीज के पेट से करीब 10 किलो वजनी गांठ सफलतापूर्वक निकाली थी। उनकी इस उपलब्धि की चिकित्सा जगत में काफी सराहना हो रही थी।

निधन की सूचना मिलते ही SMS मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी सहित कई वरिष्ठ डॉक्टर और सहयोगी उनके जयपुर स्थित निजी निवास पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। डॉ. बी.एल. यादव के निधन को चिकित्सा क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

Previous
Next

Related Posts