Monday, 02 March 2026

केंद्रीय बजट 2026–27 महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम: डॉ. अलका गुर्जर


केंद्रीय बजट 2026–27 महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम: डॉ. अलका गुर्जर

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। केंद्रीय बजट 2026–27 पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने वाला दूरदर्शी, संतुलित और जनकल्याणकारी बजट बताया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग—महिलाओं, युवाओं, किसानों, मध्यम वर्ग और वंचित तबकों—को ध्यान में रखते हुए देश की अर्थव्यवस्था को नई गति देने वाला है।

भाजपा की राष्ट्रीय सचिव डॉ. अलका गुर्जर ने कहा कि यह बजट महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। शिक्षा और कौशल विकास को प्राथमिकता देते हुए 15,000 सेकेंडरी स्कूलों और 5,500 कॉलेजों में एवीजीसी कंटेंट क्रिएटर लैब्स की स्थापना, हर जिले में बालिकाओं के लिए हॉस्टल तथा एसटीईएम संस्थानों में महिला छात्रावासों का प्रावधान महिला सशक्तिकरण को मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि इससे आने वाले वर्षों में आत्मनिर्भर और सक्षम भारत की नींव और मजबूत होगी।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने बजट को मध्यम वर्ग और आम नागरिकों के लिए राहत देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि इनकम टैक्स स्लैब में स्थिरता, रिवाइज्ड रिटर्न दाखिल करने की समय-सीमा को 31 दिसंबर से बढ़ाकर 31 मार्च करना, मोटर एक्सीडेंट क्लेम पर आयकर छूट और टीसीएस में कटौती जैसे प्रावधान आम लोगों के जीवन को आसान बनाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट रफ्तार, क्षमता और सबका साथ—इन तीन मूल स्तंभों पर आधारित है, जो देश को 7 प्रतिशत से अधिक की विकास दर बनाए रखने में सहायक होंगे।

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास पर विशेष ध्यान, पूर्वोदय योजना के अंतर्गत पूर्वी तटीय औद्योगिक कॉरिडोर, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और 20 नए राष्ट्रीय जलमार्गों की घोषणा देश की आर्थिक संरचना को मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि बजट में लोगों की क्षमताओं के विकास, कौशल उन्नयन और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।

भाजपा महामंत्री कैलाश मेघवाल ने कहा कि यह बजट “सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र पर आधारित है। उन्होंने बताया कि यह बजट भारत को विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं की श्रेणी में पहुंचाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा और हर परिवार, हर समुदाय तथा हर क्षेत्र को संसाधन और अवसर उपलब्ध कराएगा। साथ ही यह आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को और सशक्त बनाएगा।

भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद क्षेत्र के प्रावधानों को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि तीन नए आयुर्वेदिक एम्स की स्थापना, कैंसर की 17 दवाइयों और 7 दुर्लभ बीमारियों की दवाओं पर कस्टम ड्यूटी समाप्त करना तथा 1.5 लाख बहु-कुशल हेल्थकेयर वर्कर्स और 1 लाख स्पेशलिस्ट के प्रशिक्षण से देश की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।

भाजपा महामंत्री मिथिलेश गौतम ने कहा कि मेडिकल टूरिज्म के लिए पांच क्षेत्रीय हब की स्थापना, शिक्षा और मेडिकल उद्देश्यों के लिए टीसीएस में कटौती तथा हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर रोजगार और निवेश के नए अवसर पैदा करेंगे। उन्होंने कहा कि यह बजट भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था में अग्रणी स्थान दिलाने की दिशा में निर्णायक कदम है।

इसके साथ ही भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र पाल सिंह टीटी, नाहर सिंह जोधा, बिहारी लाल बिश्नोई, छगन माहुर, हकरू माइडा, ज्योति मिर्धा, अल्का मुन्दडा, सरिता गेना, प्रदेश मंत्री नारायण मीणा, अजीत माढण, अपूर्वा सिंह, आईदान सिंह भाटी, एकता अग्रवाल, नारायण पुरोहित और सीताराम पोसवाल सहित अन्य भाजपा पदाधिकारियों ने भी बजट का स्वागत करते हुए इसे विकसित भारत के सपने को साकार करने वाला बताया।

Previous
Next

Related Posts