



जयपुर। जयपुर में रविवार को आयोजित एयू जयपुर मैराथन 2026 ने फिटनेस, देशभक्ति और सामाजिक एकता का भव्य संदेश दिया। ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल के साउथ गेट से हजारों की संख्या में धावकों ने एकजुट होकर दौड़ लगाई और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संकल्प लिया। इस आयोजन में युवाओं, महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मैराथन का शुभारंभ राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर मेहंदीपुर बालाजी के महंत नरेश पुरी महाराज, फिटनेस आइकन व अभिनेता मिलिंद सोमन, बॉलीवुड अभिनेत्री इशिता राज, संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा तथा एयू जयपुर मैराथन के सीईओ मुकेश मिश्रा सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने धावकों को संबोधित करते हुए कहा कि फिट रहेंगे तो स्वस्थ रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसे अभियानों को आगे बढ़ाने में समाज के हर वर्ग को भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाला समय युवाओं का है और जब राजस्थान का युवा सुबह दौड़ता हुआ दिखाई देता है, तो वह देश की उम्मीदों का प्रतीक बन जाता है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। खेल और फिटनेस न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक मजबूती के लिए भी आवश्यक हैं। एयू जयपुर मैराथन जैसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता का संदेश देते हैं।
मैराथन के दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति के नारों, संगीत और उत्साहपूर्ण माहौल ने प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया। आयोजन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि स्वस्थ शरीर, अनुशासित जीवन और एकजुट समाज ही मजबूत राष्ट्र की नींव होते हैं।