Friday, 13 February 2026

बागेश्वर धाम हनुमंत कथा की सफलता की कामना को लेकर पुष्कर में दिव्य महा आरती 1 फरवरी को


बागेश्वर धाम हनुमंत कथा की सफलता की कामना को लेकर पुष्कर में दिव्य महा आरती 1 फरवरी को

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

पुष्कर। बागेश्वर धाम हनुमंत कथा के सफल आयोजन की कामना को लेकर पुष्कर दिव्य महा आरती संघ की ओर से माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर 1 फरवरी 2026, रविवार को पुष्कर के जयपुर घाट पर भव्य दिव्य महा आरती का आयोजन किया जाएगा। यह आरती सायं 6:00 बजे प्रारंभ होगी और इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

संघ के संरक्षक एवं पूर्व न्यायाधीश अजय शर्मा ने बताया कि पुष्कर में 23 फरवरी से 25 फरवरी तक तीन दिवसीय बागेश्वर धाम हनुमंत कथा का आयोजन प्रस्तावित है, जिसकी तैयारियां आयोजन समिति द्वारा बड़े स्तर पर की जा रही हैं। कथा आयोजन को लेकर विभिन्न समितियां अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। अनुमान है कि इस आयोजन में देशभर से 5 लाख से 10 लाख तक श्रद्धालु पुष्कर पहुंच सकते हैं।

हनुमंत कथा के सफल आयोजन की मंगलकामना के उद्देश्य से आयोजित इस दिव्य महा आरती का संचालन पंडित चंद्रशेखर गौड़ एवं उनकी टीम द्वारा पांच मंचों से किया जाएगा, जिससे घाट का वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो जाएगा।

इस अवसर पर संत सानिध्य में साध्वी अनादि सरस्वती महा आरती का आचार्यत्व करेंगी, जबकि पंडित कैलाश नाथ दाधीच एवं पंडित रवि शंकर गौड़ उपाचार्यत्व का दायित्व निभाएंगे। आयोजन में वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और दीप प्रज्वलन के साथ विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।

पुष्कर दिव्य महा आरती संघ ने सभी सनातनी संगठनों, साधु-संतों एवं सनातन धर्मावलंबियों से आग्रह किया है कि वे इस दिव्य महा आरती में सहभागी बनकर पुष्कर राज की पावन भूमि से बागेश्वर धाम हनुमंत कथा के सफल आयोजन हेतु अपनी सहभागिता और प्रार्थना अर्पित करें।

Previous
Next

Related Posts