



जयपुर। जयपुर के विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार शाम एक फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से भीषण हादसा हो गया। धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री का ऊपर लगा टिन शेड उड़ गया और एक दीवार ढह गई। हादसे में सिलेंडर भरने का काम कर रहे एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि फैक्ट्री मैनेजर समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तुरंत एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में कुल दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज जारी है। ब्लास्ट के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
सूचना मिलते ही विश्वकर्मा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में फंसे घायलों को बाहर निकाला। दमकल विभाग की गाड़ियां भी तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्थिति को काबू में लिया गया। पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, यह फैक्ट्री विश्वकर्मा रोड नंबर 17 स्थित करणी विहार कॉलोनी में है, जहां ऑक्सीजन सिलेंडर भरने का काम किया जाता है। शनिवार शाम करीब 7:45 बजे सिलेंडर भरे जा रहे थे, तभी अचानक एक सिलेंडर फट गया और यह बड़ा हादसा हो गया। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है।