Saturday, 29 August 2026

सुनेत्रा पवार बनीं महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री, लोकभवन में ली शपथ


सुनेत्रा पवार बनीं महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री, लोकभवन में ली शपथ

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

मुंबई।अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार शनिवार को महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम बन गईं। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने लोकभवन में आयोजित सादे लेकिन गरिमामय समारोह में उन्हें उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह करीब 12 मिनट तक चला, जिसमें मंत्रिमंडल के सदस्य, वरिष्ठ अधिकारी और एनसीपी के प्रमुख नेता मौजूद रहे।

इससे पहले दिन में एनसीपी विधायक दल और विधान परिषद सदस्यों की विधान भवन में बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में सुनेत्रा पवार को सर्वसम्मति से पार्टी का नेता चुना गया। इसके बाद उनके उपमुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया। शपथ ग्रहण से पहले सुनेत्रा पवार ने राज्यसभा सांसद पद से औपचारिक रूप से इस्तीफा दे दिया था।

गौरतलब है कि 28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे में अजित पवार के निधन के बाद राज्य में उपमुख्यमंत्री का पद रिक्त हो गया था। अजित पवार के पास उपमुख्यमंत्री पद के साथ-साथ वित्त, आबकारी और खेल जैसे अहम विभाग भी थे। उनके आकस्मिक निधन के बाद एनसीपी और सत्तारूढ़ गठबंधन के भीतर नए नेतृत्व को लेकर मंथन चल रहा था, जिसके बाद सुनेत्रा पवार के नाम पर सहमति बनी।

सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री बनने के साथ ही महाराष्ट्र की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ गया है। वे राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनी हैं, जिसे एनसीपी के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

    Previous
    Next

    Related Posts