



महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार को एक ऐतिहासिक फैसला हुआ। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) विधायक दल ने अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को अपना नेता चुन लिया है। शनिवार दोपहर 2 बजे विधान भवन में आयोजित एनसीपी विधायक दल और विधान परिषद सदस्यों की बैठक में सर्वसम्मति से सुनेत्रा पवार के नाम पर मुहर लगी। इसके साथ ही वह महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनने जा रही हैं। सुनेत्रा पवार शाम 5 बजे उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी।
विधान भवन में हुई बैठक के दौरान वरिष्ठ नेता दिलीप वलसे पाटिल ने सुनेत्रा पवार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे उपस्थित विधायकों और परिषद सदस्यों ने समर्थन दिया। बैठक के बाद आधिकारिक रूप से उनके नेता चुने जाने की घोषणा की गई। इस फैसले को एनसीपी के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक कदम माना जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री पद की शपथ से पहले सुनेत्रा पवार ने राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा दे दिया है। माना जा रहा है कि पार्टी और गठबंधन की रणनीति के तहत यह कदम उठाया गया है, ताकि सरकार में उनकी भूमिका को पूरी तरह प्रभावी बनाया जा सके।
गौरतलब है कि 28 जनवरी को बारामती में हुए एक विमान हादसे में अजित पवार की मौत के बाद महाराष्ट्र सरकार में उपमुख्यमंत्री का पद रिक्त हो गया था। अजित पवार के पास वित्त, आबकारी और खेल जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी भी थी। अब सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री बनने से न केवल इस रिक्त पद को भरा गया है, बल्कि राज्य को पहली महिला डिप्टी सीएम भी मिल गई है, जिसे एक बड़े राजनीतिक और सामाजिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
सुनेत्रा पवार ने राज्यसभा सांसद के पद से दिया इस्तीफा