Saturday, 29 August 2026

सुनेत्रा पवार बन सकती हैं महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम, एनसीपी विधायक दल की बैठक के बाद ऐलान संभव


सुनेत्रा पवार बन सकती हैं महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम, एनसीपी विधायक दल की बैठक के बाद ऐलान संभव

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की वरिष्ठ नेता और दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। शनिवार को एनसीपी विधायक दल की बैठक के बाद उनके नाम की औपचारिक घोषणा होने की संभावना है। यदि सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार रहा, तो सुनेत्रा पवार शाम करीब 5 बजे डिप्टी सीएम पद की शपथ ले सकती हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में हुए विमान हादसे में अजित पवार के निधन के बाद उपमुख्यमंत्री का पद रिक्त हो गया था। अजित पवार के पास वित्त, आबकारी और खेल जैसे अहम विभागों के साथ-साथ उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी भी थी। सूत्रों का कहना है कि वित्त मंत्रालय अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस अपने पास रख सकते हैं, जबकि अन्य विभागों को लेकर पुनर्गठन किया जा सकता है।

सूत्रों के अनुसार, शनिवार सुबह 11 बजे एनसीपी विधायक दल की बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक के बाद दोपहर करीब 2 बजे सुनेत्रा पवार के नाम पर अंतिम निर्णय लेकर सार्वजनिक ऐलान किया जा सकता है। इसके बाद शाम को राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह होने की संभावना जताई जा रही है।

डिप्टी सीएम पद को लेकर दिनभर राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। मुंबई से अमरावती तक बैठकों का दौर चला। शुक्रवार सुबह एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल और सुनील तटकरे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से उनके वर्षा बंगले में मिले। करीब आधे घंटे चली इस बैठक में उपमुख्यमंत्री पद और विभागों को लेकर चर्चा हुई।

इधर, सुनेत्रा पवार ने अपने राजनीतिक सलाहकार और अजित पवार के चुनावी रणनीतिकार नरेश अरोड़ा को बारामती बुलाया। नरेश अरोड़ा की संस्था ‘डिजाइनबॉक्स’ एनसीपी के लिए लंबे समय से काम कर रही है। राजनीतिक सलाह-मशविरों के बाद जब नरेश अरोड़ा मुंबई के लिए रवाना हुए, तभी यह संकेत मिलने लगे कि सुनेत्रा पवार डिप्टी सीएम पद स्वीकार करने के लिए तैयार हो गई हैं।

इस बीच यह भी चर्चा है कि एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर अंतिम फैसला पार्टी के वरिष्ठ नेता शरद पवार करेंगे। अजित पवार इस मुद्दे पर बातचीत कर रहे थे, लेकिन अब उनके निधन के बाद यह जिम्मेदारी सीधे शरद पवार के हाथों में मानी जा रही है।

    Previous
    Next

    Related Posts