Wednesday, 11 February 2026

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने संभाला पदभार, मदन राठौड़ बोले– भाजपा ही कार्यकर्ता को शीर्ष तक पहुंचाती है


भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने संभाला पदभार, मदन राठौड़ बोले– भाजपा ही कार्यकर्ता को शीर्ष तक पहुंचाती है

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने गुरुवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने उन्हें पदभार ग्रहण करवाया। इस अवसर पर राजस्थान भर से हजारों की संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता जयपुर पहुंचे और पूरे उत्साह के साथ समारोह में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और नारों के बीच शंकर गोरा का भव्य स्वागत किया गया।

पदभार ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश की एकमात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जो सामान्य कार्यकर्ता को भी शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचने का अवसर देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं, जो एक साधारण कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री बने। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति का मूल मंत्र “नेशन फर्स्ट” है, जबकि अन्य दलों में एक व्यक्ति या एक परिवार ही सर्वोपरि होता है।

मदन राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में डबल इंजन की भजनलाल सरकार के नेतृत्व में तेज गति से विकास कार्य हो रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे द्वारा शुरू की गई ईआरसीपी योजना को आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे 16 जिलों को लाभ मिलेगा। यमुना जल समझौते से राज्य को अतिरिक्त जल मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकारी भर्ती कैलेंडर जारी करना, किसानों को दिन में बिजली देना, पेपर लीक पर सख्ती, राइजिंग राजस्थान के जरिए निवेश बढ़ाना और सड़क, रेलवे, नहर व ग्राम विकास से जुड़े बड़े कार्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियां हैं।

भाजयुमो के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने अपने संबोधन में मातृ संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में 19 पेपर लीक हुए, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के बच्चों का भविष्य प्रभावित हुआ। वहीं, भजनलाल सरकार ने पेपर लीक माफियाओं को जेल भेजने का काम किया है। गोरा ने मुख्यमंत्री द्वारा जारी एक लाख सरकारी नौकरियों के भर्ती कैलेंडर के लिए भी आभार जताया।

शंकर गोरा ने युवाओं के साथ संकल्प लिया कि भाजयुमो राष्ट्रहित में सच्चे सैनिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देगा। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा सरकार की योजनाओं और भर्ती कैलेंडर को जन-जन तक पहुंचाएगा और आगामी पंचायत व नगरीय निकाय चुनावों में बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में साधु-संतों ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष को आशीर्वाद दिया। मंच संचालन भाजपा प्रदेश मंत्री एवं युवा मोर्चा प्रदेश प्रभारी आईदान सिंह भाटी तथा प्रदेश महामंत्री राजकुमार बिवाल ने किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, कैलाश मेघवाल, भूपेंद्र सैनी, मिथिलेश गौतम, प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, छगन माहुर, सरिता गेना, प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल, अपूर्वा सिंह, अजीत मांडन, प्रकोष्ठ प्रभारी विजेंद्र पूनिया, युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा, अंकित चेची सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Previous
Next

Related Posts