



जयपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि (शहीद दिवस) के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार प्रातः शासन सचिवालय पहुंचकर महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और श्रद्धासुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सहित देश के सभी शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री शर्मा ने सचिवालय परिसर में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ गांधी जी की प्रतिमा के समक्ष बैठकर उनके प्रिय भजनों ‘वैष्णव जन तो तेने कहिये’, ‘रघुपति राघव राजा राम’, ‘राम रतन धन पायो’ और ‘श्री राम जय राम’ का श्रवण किया। इस अवसर पर पूरे वातावरण में श्रद्धा और शांति का भाव देखने को मिला।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान पशुपालन एवं देवस्थान मंत्री श्री जोराराम कुमावत, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, विभिन्न विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव, शासन सचिव तथा सचिवालय कर्मचारी संघ के पदाधिकारी एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मौन रखकर बापू को नमन किया और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शहीद दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास पर भी महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा और सेवा के मूल्यों को देश और प्रदेश के विकास के लिए प्रेरणास्रोत बताया।