Saturday, 29 August 2026

साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत का मामला विधानसभा पहुंचा, उच्चस्तरीय जांच की मांग


साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत का मामला विधानसभा पहुंचा, उच्चस्तरीय जांच की मांग

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान की प्रसिद्ध कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद प्रदेशभर में उनके भक्तों में भारी आक्रोश है। साध्वी के निधन को लेकर उनके पिता वीरमनाथ पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। अब यह संवेदनशील मामला राजस्थान विधानसभा तक पहुंच गया है, जहां सत्ता और विपक्ष दोनों ओर से इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग उठी है।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और हवामहल से भाजपा विधायक बालमुकुंदाचार्य ने साध्वी प्रेम बाईसा की मौत की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। दोनों नेताओं ने कहा कि साध्वी के लाखों अनुयायी इस घटना से आहत हैं और उनके मन में कई सवाल हैं, जिनका जवाब आना जरूरी है।

विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक बालमुकुंदाचार्य ने कहा कि साध्वी प्रेम बाईसा ने सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी मौत को लेकर जो भी संदेह और शंकाएं लोगों के मन में हैं, उनका समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह तभी संभव है जब पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच हो। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि साध्वी की छवि को बदनाम करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि साध्वी प्रेम बाईसा की मौत से उनके भक्तों में गहरा सदमा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार को एक हाई लेवल कमेटी का गठन करना चाहिए, ताकि निष्पक्ष जांच के जरिए सच्चाई सामने आ सके और लोगों का भरोसा कायम रहे।

हर एंगल से जांच कर रही है पुलिस – गृह राज्य मंत्री
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने साध्वी प्रेम बाईसा की मौत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और पुलिस हर पहलू से इसकी जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि परिजन गलत इंजेक्शन से मौत की बात कर रहे हैं, जबकि अस्पताल प्रशासन का कहना है कि साध्वी को मृत अवस्था में लाया गया था। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

मंत्री बेढम ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह साफ हो जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस की जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हें सार्वजनिक किया जाएगा।

Previous
Next

Related Posts