Saturday, 29 August 2026

राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस: भाजपा विधायक अतुल भंसाली बोले-पूर्व सीएम के इलाकों में 25 करोड़ का किया घोटाला


राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस: भाजपा विधायक अतुल भंसाली बोले-पूर्व सीएम के इलाकों में 25 करोड़ का किया घोटाला

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

राजस्थान विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। भाजपा विधायक अतुल भंसाली ने कांग्रेस शासन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में व्यापक स्तर पर घोटाले हुए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई और पेपर लीक जैसे मामलों में आरोपियों को जेल भेजा गया।

भंसाली ने कहा कि पूर्व सरकार के कई घोटाले अब उजागर हो रहे हैं और कुछ मामलों में मंत्री तक जेल जा चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके स्वयं के जोधपुर शहर में आरयूआईडीपी के कार्यों में करीब 25 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ, जो पूर्व मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में किया गया। भंसाली ने इसे बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि जनता ऐसे कृत्यों को कभी माफ नहीं करेगी।

उपनेता प्रतिपक्ष बोले- SIR में इतना फर्जीवाड़ा किया कि 500 साल जेल होगी

उपनेता प्रतिपक्ष रामकेश मीणा ने भाजपा पर पलटवार करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में फर्जी हस्ताक्षर कर सैकड़ों फॉर्म जमा करवाए हैं। रामकेश मीणा ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि एक फॉर्म पर एक साल की सजा का प्रावधान है, ऐसे में फर्जीवाड़ा करने वालों को 500 साल तक जेल हो सकती है।

उन्होंने यह भी कहा कि SIR में हुई कथित अनियमितताओं की जांच जरूर होगी और विपक्ष इस मुद्दे को हर स्तर पर उठाएगा। बहस के दौरान दोनों पक्षों के तीखे आरोप-प्रत्यारोप से सदन का माहौल गरम रहा और साफ तौर पर आगामी राजनीतिक संघर्ष की झलक देखने को मिली।

राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस के दौरान यूडीएच मंत्री और कांग्रेस विधायक में तीखी नोकझोंक, सदन में हंगामा
राजस्थान विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। इस दौरान कांग्रेस विधायक हरिमोहन शर्मा और नगरीय विकास एवं आवास (यूडीएच) मंत्री झाबर सिंह खर्रा के बीच जमकर नोकझोंक हुई, जिससे सदन का माहौल गर्मा गया।

कांग्रेस विधायक हरिमोहन शर्मा ने सरकार पर निकाय और पंचायत चुनाव जानबूझकर नहीं कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभापतियों को मनमाने तरीके से हटाया गया और एक सभापति को तो आठ बार हटाया गया, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजाक है। शर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विपक्ष के जनप्रतिनिधियों को निशाना बना रही है।

इस पर यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस चाहती है कि उनके परिषदों के सभापति भ्रष्टाचार करते रहें और सरकार मूकदर्शक बनी रहे। उन्होंने कहा कि बिना ओबीसी आरक्षण तय किए चुनाव कराना संभव नहीं है और सरकार संविधान व कानून के दायरे में रहकर ही फैसले ले रही है।

हरिमोहन शर्मा ने इसके बाद सरकार को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार की हालत ऐसी हो गई है कि वह पेंशन तक नहीं दे पा रही है। बूंदी जैसे छोटे जिले में भी करीब 1 लाख 78 हजार लाभार्थी पेंशन का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेशभर में करीब 93 लाख लोगों को पिछले चार महीनों से पेंशन नहीं मिली है, जिससे बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं।

शर्मा ने यह भी कहा कि जब वे गांवों में जाते हैं तो लोग विलाप करते नजर आते हैं। इसके बाद उन्होंने भाजपा नेताओं पर चंदे को लेकर आरोप लगाए, जिस पर सदन में जोरदार हंगामा शुरू हो गया। उनकी टिप्पणियों पर कई बार टोकाटाकी हुई और सत्ता पक्ष के विधायकों ने कड़ी आपत्ति जताई। हंगामे के कारण कुछ समय तक सदन की कार्यवाही प्रभावित रही।

कांग्रेस विधायक गणेश घोघरा ने जनजाति विकास मंत्री पर कमीशनखोरी के लगाए के आरोप पर हंगामा

विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस के दौरान कांग्रेस विधायक गणेश घोघरा के आरोपों पर हंगामा हो गया। गणेश घोघरा ने जनजाति विकास मंत्री पर कमीशनखोरी के आरोप लगाए। इस पर मंत्रियों ने कड़ी आपत्ति की और बिना सबूत आरोपों को सदन की कार्यवाही से निकलने की मांग की। इसके बाद सभापति ने आरोपों को कार्यवाही से हटाने का आश्वासन दिया। जनजाति विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि एक पैसे का आरोप साबित कर दे तो राजनीति छोड़ दूंगा।

गणेश गोघरा ने कहा सरकार झूठे दावे कर रही है। पेंशन नहीं मिल रही। पीएम आवास देने के दावे कर रहे हैं, लेकिन पीएम आवास की किश्त समय पर नहीं मिल रही है। लोगों के मकान अधूरे पड़े हैं। साल भर से पैसा नहीं मिल रहा । मेट और कारीगर का भुगतान नहीं हुआ है। डबल इंजन की सरकार कच्चे काम भी नहीं निकल रही है।

घोघरा ने कहा कि मां बाड़ी केंद्र शुरू करने के लिए मंत्री के पास कितना कमीशन आया? मैं जनजाति मंत्री से पूछना चाहता हूं, आपके पास कितना कमीशन आया? यह जनजाति का पैसा है, लेकिन समन्वयक गैर जनजाति के लोग लगाए, कौन से कानून के अंतर्गत लगाए?

जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि क्या बात करता है, अगर आप साबित कर दे तो राजनीति छोड़ दूंगा, बेवजह आरोप लगाए जा रहे हैं।

भाजपा विधायक ने राहुल गांधी के लिए पप्पू शब्द का किया इस्तेमाल 

राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस के दौरान ब्यावर से भाजपा विधायक शंकर सिंह रावत ने राहुल गांधी के लिए पप्पू शब्द इस्तेमाल किया। इस पर कांग्रेस विधायकों ने हंगामा किया। कांग्रेस विधायकों ने सदन में जमकर नारेबाजी की।

भाजपा विधायक शंकर सिंह रावत ने कहा- राहुल गांधी विदेश में जाकर देश की बुराई करते हैं। कांग्रेस नेता ध्यान दें वो अब पप्पू नहीं रहे। आपको उसकी सगाई करनी चाहिए,उसके हाथ पीले करने हैं। हमारा समय खराब नहीं करें। इस पर सभापति ने रावत को उचित शब्दों का प्रयोग करने की सलाह दी।

सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि हमारे शंकर सिंह गलत कहां गलत कह रहे हैं । आप गूगल सर्च करोगे तो वही बात आएगी जो शंकर सिंह बता रहे हैं।

Previous
Next

Related Posts