



ब्यावर। जिले के रायपुर मारवाड़ उपखंड के पिपलिया कलां कस्बे में रविवार रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अज्ञात व्यक्ति ने एक सांड पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे सांड दर्द से कराहता हुआ गलियों में दौड़ने लगा। आग की लपटों में घिरे सांड को देखकर आसपास के लोग बाहर तो निकले, लेकिन शुरुआती क्षणों में कोई भी आग बुझाने के लिए आगे नहीं आया।
घटना की सूचना मिलते ही ठाकुर गो सेवा समिति के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद सांड की आग बुझाई। हालांकि तब तक सांड बुरी तरह झुलस चुका था, लेकिन समय रहते उपचार मिलने से उसकी जान बच गई। इस पूरी घटना का वीडियो पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सामने आने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश का कारण बन गया है।
पिपलिया कलां पुलिस चौकी के कॉन्स्टेबल सोमवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके का मुआयना कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। वहीं गो सेवा समिति की ओर से अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है।
इस अमानवीय घटना के बाद स्थानीय लोगों और पशु प्रेमियों में गुस्सा है। लोगों ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।