Sunday, 03 May 2026

सीबीआई जांच लिखी साड़ी पहनकर विधानसभा पहुंचीं निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत, दिया मजबूत संदेश


सीबीआई जांच लिखी साड़ी पहनकर विधानसभा पहुंचीं निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत, दिया मजबूत संदेश

जयपुर। राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन भरतपुर जिले के बयाना से निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत अलग ही अंदाज में विधानसभा पहुंचीं। उन्होंने जिस साड़ी को पहनकर सदन में प्रवेश किया, उस पर बड़े अक्षरों में “सीबीआई जांच कराओ” लिखा हुआ था। उनकी यह साड़ी पूरे दिन विधानसभा परिसर और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी रही।

हाल ही में कुछ विधायकों पर लगे कमीशनखोरी के आरोपों के बाद ऋतु बनावत का नाम भी सामने आया था। इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए वे पहले ही स्पष्ट कर चुकी हैं कि वे खुद इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच चाहती हैं। इसी क्रम में उन्होंने विधानसभा के पहले दिन प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराते हुए सीबीआई जांच की मांग को साड़ी के जरिए सार्वजनिक रूप से रखा।

ऋतु बनावत ने कहा कि ऐसे आरोपों से न केवल उनकी व्यक्तिगत छवि बल्कि पूरे राजस्थान विधानसभा और जनप्रतिनिधियों की साख को ठेस पहुंची है। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि वे निर्दोष हैं तो जांच से क्यों डरें। उन्होंने मांग की कि या तो पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराई जाए या फिर हाईकोर्ट के किसी सिटिंग जज से निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सच सामने आ सके।

विधानसभा के पहले दिन उनका यह कदम विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ऋतु बनावत ने इस प्रतीकात्मक कदम के जरिए सरकार और जांच एजेंसियों पर दबाव बनाने के साथ-साथ जनता के सामने अपनी बेबाक छवि को और मजबूत करने की कोशिश की है।

Previous
Next

Related Posts