



जयपुर। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान दुर्घटना में निधन की सूचना के बाद राजस्थान में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और नागरिकों ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान दुर्घटना में निधन अत्यंत दुखद और स्तब्धकारी है। उन्होंने अजित पवार को एक कुशल प्रशासक, दूरदर्शी नेता और समर्पित जनसेवक बताते हुए कहा कि उन्होंने महाराष्ट्र के विकास और जनकल्याण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका जाना महाराष्ट्र की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। इस दुख की घड़ी में उन्होंने दिवंगत नेता के परिजनों और समर्थकों के प्रति गहन संवेदनाएं व्यक्त कीं और ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति तथा शोकाकुल परिवार को यह पीड़ा सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी इस विमान हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि अजित पवार के असामयिक निधन से महाराष्ट्र ने एक समर्पित और कर्मठ नेतृत्व को खो दिया है। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण और महाराष्ट्र की जनता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उन्हें सदैव स्मरणीय बनाए रखेगी। वसुंधरा राजे ने इस अत्यंत दुखद समय में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
अजित पवार के निधन की खबर के बाद राजस्थान में विभिन्न राजनीतिक संगठनों और आम नागरिकों ने भी शोक प्रकट किया है। लोगों ने इसे देश की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति बताया है और दिवंगत नेता के योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।