Wednesday, 04 February 2026

बीकानेर में बड़ा हादसा टला: स्लीपर बस और चारे से भरे ट्रक की टक्कर, बस में लगी आग, 40 यात्री सुरक्षित


बीकानेर में बड़ा हादसा टला: स्लीपर बस और चारे से भरे ट्रक की टक्कर, बस में लगी आग, 40 यात्री सुरक्षित

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

बीकानेर। जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जयपुर से बीकानेर जा रही मिलन ट्रेवल्स की स्लीपर बस नेशनल हाईवे पर चारे (तूड़ी) से भरे एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक में भरे चारे में आग लग गई और देखते ही देखते आग बस तक फैल गई। हालांकि, बस में सवार करीब 40 यात्रियों को समय रहते इमरजेंसी गेट के जरिए सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

हादसा बुधवार सुबह करीब 5:15 बजे श्रीडूंगरगढ़ पार करने के बाद सेसोमू स्कूल के पास हुआ। जानकारी के अनुसार मिलन ट्रेवल्स की बस मंगलवार रात करीब 11 बजे जयपुर से बीकानेर के लिए रवाना हुई थी। सुबह के समय क्षेत्र में घनी धुंध छाई हुई थी। इसी दौरान आगे चल रहा चारे से भरा ट्रक किसी अन्य वाहन से टकराने के बाद हाईवे पर खड़ा हो गया था। पीछे से आ रही स्लीपर बस को धुंध के कारण खड़ा ट्रक समय पर नजर नहीं आया और बस सीधे ट्रक में जा घुसी।

हेड कॉन्स्टेबल बलवीर सिंह काजला ने बताया कि टक्कर के तुरंत बाद ट्रक में भरे चारे में आग लग गई, जो तेजी से बस तक फैल गई। चालक और परिचालक की सूझबूझ से बस में सवार यात्रियों को मेन गेट और दो इमरजेंसी गेट के जरिए बाहर निकाला गया। यात्रियों को सुरक्षित निकालने के कुछ ही मिनटों बाद बस पूरी तरह आग की चपेट में आ गई।

हादसे के बाद एहतियातन हाईवे पर करीब दो घंटे तक यातायात बंद कर दिया गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान स्लीपर बस पूरी तरह जलकर कबाड़ हो गई। बस में सवार यात्रियों का सामान भी आग में जल गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण घनी धुंध और हाईवे पर खड़े ट्रक को समय पर न देख पाना बताया जा रहा है।

    Previous
    Next

    Related Posts