



18 वीं लोकसभा का बजट सत्र बुधवार से शुरू हो गया है, जो दो चरणों में 2 अप्रैल तक चलेगा। बजट सत्र का पहला चरण 28 जनवरी से 13 फरवरी तक और दूसरा चरण 9 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित होगा। इस दौरान संसद की कुल 30 बैठकें प्रस्तावित हैं। सत्र के पहले दिन लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से कार्यवाही की शुरुआत हुई।
इस सत्र में मोशन ऑफ थैंक्स यानी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और केंद्रीय बजट पर चर्चा प्रमुख रहेगी। लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 2 से 4 फरवरी तक तीन दिन अस्थायी रूप से तय किए गए हैं। वहीं 28 जनवरी और 1 फरवरी को शून्यकाल नहीं होगा।
बजट सत्र के दौरान विपक्ष और सरकार के बीच तीखी बहस और हंगामे के आसार जताए जा रहे हैं। विपक्ष ने संकेत दिए हैं कि वह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), मनरेगा की जगह लाए गए VB-G RAM G कानून, भारत पर अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ, विदेश नीति, वायु प्रदूषण, अर्थव्यवस्था और किशोरों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध जैसे मुद्दों पर चर्चा की मांग करेगा। इन विषयों को लेकर संसद में टकराव की स्थिति बन सकती है।