Wednesday, 04 February 2026

प्रदेश में अलग-अलग सड़क हादसों ने ली 13 जिंदगियां, एंबुलेंस पलटने से दो भाइयों की मौत, कई गंभीर घायल


प्रदेश में अलग-अलग सड़क हादसों ने ली 13 जिंदगियां, एंबुलेंस पलटने से दो भाइयों की मौत, कई गंभीर घायल

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। प्रदेश में मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए छह सड़क हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। इन हादसों में दो भाइयों, चार दोस्तों, एक मां-दो बेटियों और दो मासूम बच्चों सहित कुल 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गर्भवती महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं और छह अन्य को चोटें आई हैं।

जयपुर के करधनी इलाके में मंगलवार शाम करीब सात बजे एक्सप्रेस-वे पर निवारू पुलिया के पास हार्ट पेशेंट को चौमूं से जयपुर ले जा रही एंबुलेंस पलट गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार मरीज सिराजुद्दीन (67) और उनके छोटे भाई फिरोज अली की मौत हो गई। एंबुलेंस में मरीज के साथ उनके अन्य भाई, चालक और कंपाउंडर सवार थे, जिन्हें घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों के अनुसार सिराजुद्दीन को कार्डियक अरेस्ट के बाद चौमूं में स्टंट डाला गया था और जयपुर रेफर किया जा रहा था। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति भी बन गई।

दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर एक भीषण हादसे में महाकाल दर्शन से लौट रहे चार दोस्तों की जान चली गई। तेज रफ्तार कार ट्रक में पीछे से घुस गई और ट्रक में फंसी कार करीब नौ किलोमीटर तक घिसटती चली गई। इस हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक मामूली रूप से घायल बच गया।

भीलवाड़ा जिले में बनास नदी की पुलिया के पास बेकाबू ट्रक डिवाइडर पर चढ़ते हुए बाइक पर पलट गया। हादसे में बिजली निगम के लाइनमैन पूनम चंद्र स्वर्णकार की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि उनकी कुछ दिन पहले ही सगाई हुई थी, जिससे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पाली जिले के सोजत क्षेत्र में सड़क किनारे चल रहे दो मासूम बच्चों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। हादसे में एक आठ माह की गर्भवती महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नागौर जिले के लाडनूं क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी महिला और उसकी तीन बेटियों को तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में महिला और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई, जबकि एक बेटी गंभीर रूप से घायल है।

वहीं बूंदी जिले में नेशनल हाइवे पर दो बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे कोटा रेफर किया गया है।

लगातार हो रहे सड़क हादसों से प्रदेश में दहशत का माहौल है। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है, वहीं आमजन सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग कर रहे हैं।

    Previous
    Next

    Related Posts