Saturday, 29 August 2026

जयपुर: गूगल मैप के भरोसे बिड़ला मंदिर की सीढ़ियों पर उतरी कार, मची अफरा-तफरी


जयपुर: गूगल मैप के भरोसे बिड़ला मंदिर की सीढ़ियों पर उतरी कार, मची अफरा-तफरी

जयपुर के बिड़ला मंदिर परिसर में रविवार दोपहर एक अजीबोगरीब घटना सामने आई, जब एक युवक तेज रफ्तार में कार लेकर मंदिर के गेट में घुस गया और पार्किंग पार करते हुए पैदल श्रद्धालुओं के लिए बनी सीढ़ियों पर कार उतार दी। घटना रविवार करीब 3.30 बजे की है, जिससे मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। लोगों की मदद से बाद में कार को सुरक्षित रूप से ऊपर चढ़ाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हरियाणा के भिवानी निवासी अजय कुमार के नाम से रजिस्टर्ड कार में चार लोग (दो कपल) सवार थे, जो जयपुर घूमने आए थे। कार मोतीडूंगरी गणेश मंदिर के पास बने गेट से तेज रफ्तार में बिड़ला मंदिर परिसर में दाखिल हुई। पार्किंग में तैनात कर्मचारियों और गार्डों ने गाड़ी रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक नहीं रुका और मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर बढ़ता चला गया।

थोड़ी दूरी पर दाईं ओर मोड़ने के बाद चालक ने कार को जेडीए की ओर जाने वाली पैदल सीढ़ियों पर उतार दिया, जहां कार फंस गई। मौके पर मौजूद लोगों ने हैंड ब्रेक लगाकर कार रोकी और धक्का देकर रिवर्स में वापस ऊपर लाया।

कार चला रहे युवक ने दावा किया कि वह गूगल मैप पर दिखाए गए रास्ते का पालन कर रहा था और उसे अंदाजा नहीं था कि यह मार्ग वाहनों के लिए नहीं है। पार्किंग स्टाफ ने आशंका जताई कि ड्राइवर नशे में हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े हो गए हैं।

    Previous
    Next

    Related Posts