



जयपुर। राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होने जा रहा है। सत्र की शुरुआत राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे के अभिभाषण से होगी। हालांकि बजट पेश करने की तारीख को लेकर अंतिम फैसला बुधवार को विधानसभा की कार्य सलाहकार समिति (बीएसी) की बैठक में लिया जाएगा, लेकिन फिलहाल बजट 11 फरवरी को पेश किए जाने की तैयारी चल रही है। विधानसभा से जारी बुलेटिन के अनुसार बजट सत्र की सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
28 जनवरी को राज्यपाल के अभिभाषण के आधे घंटे बाद विधानसभा की कार्यवाही शुरू होगी। प्रारंभिक कार्यवाही में विधायकों से जुड़े औपचारिक कार्य निपटाए जाएंगे और दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद 30 जनवरी तक सदन की कार्यवाही स्थगित रहेगी।
29 जनवरी से विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा शुरू होगी। यह चर्चा चार दिन तक चलेगी। 31 जनवरी और 1 फरवरी को अवकाश रहेगा। चर्चा के बाद 3 फरवरी को सरकार की ओर से राज्यपाल के अभिभाषण पर जवाब दिया जा सकता है। इसके बाद एक सप्ताह का अवकाश देकर सदन की कार्यवाही 11 फरवरी तक स्थगित रहने की संभावना है, जिस दिन बजट पेश किया जा सकता है।
इस बार का बजट सत्र हंगामेदार रहने के पूरे आसार हैं। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड में ओएमआर शीट गड़बड़ी के मामले को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने नजर आएंगे। इस मुद्दे पर पहले से ही सियासी बयानबाजी तेज है और कांग्रेस सदन में सरकार को घेरने की रणनीति बना रही है। वहीं भाजपा भी बजट सत्र से पहले विधायक दल की बैठक बुलाकर विपक्ष के हमलों का जवाब देने की तैयारी में जुटी है। कांग्रेस ने भी बुधवार शाम विधायक दल की बैठक बुलाकर अपनी रणनीति तय करने का फैसला किया है।
पंचायतीराज और निकाय चुनावों को देखते हुए इस बार बजट सत्र अपेक्षाकृत छोटा हो सकता है। सरकार की तैयारी मार्च के पहले सप्ताह तक बजट पारित करवाने की है, ताकि चुनावी कार्यक्रम प्रभावित न हों। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि बजट पारित होते ही विधानसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी जाएगी।