Wednesday, 04 February 2026

विधानसभा के सामने तेज रफ्तार थार का कहर, चार गाड़ियों को मारी टक्कर, बड़ा हादसा टला


विधानसभा के सामने तेज रफ्तार थार का कहर, चार गाड़ियों को मारी टक्कर, बड़ा हादसा टला

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

शहर में एक बार फिर थार गाड़ी का आतंक देखने को मिला है। विधानसभा के सामने देर रात तेज रफ्तार से आ रही वाइट थार ने सड़क पर खड़ी और चल रही चार गाड़ियों को एक के बाद एक टक्कर मार दी। हादसे में सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थार चालक मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चला रहा था। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सूचना मिलने पर ज्योति नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त थार गाड़ी को जब्त कर लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

मामले की जांच कर रहे कॉन्स्टेबल कैलाश ने बताया कि थार में दो लोग सवार थे, जिनमें एक युवक भरत और एक महिला शामिल थी। युवक अजमेर का रहने वाला है और राजस्थान विश्वविद्यालय में अध्ययनरत है। वह विश्वविद्यालय से ही वाहन लेकर इस इलाके में पहुंचा था। गाड़ी परिवार की बताई जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे।

पुलिस के अनुसार, रात के समय विधानसभा से अमर जवान ज्योति के सामने का इलाका काफी व्यस्त रहता है। उस समय भी वहां मेले जैसा माहौल था और बड़ी संख्या में लोग रील व वीडियो बना रहे थे। प्रारंभिक तौर पर एक वाहन को टक्कर लगने के बाद आपसी बातचीत से समझौता हो गया था, लेकिन इसके बाद अन्य गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा।

फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया है। ज्योति नगर थाना पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि पिछले एक महीने में थार गाड़ियों से जुड़े चार हादसे सामने आ चुके हैं, जिससे शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Previous
Next

Related Posts