Wednesday, 04 February 2026

दौसा में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, 4 की मौत, एक गंभीर घायल


दौसा में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, 4 की मौत, एक गंभीर घायल

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

दौसा जिले के पापड़दा थाना क्षेत्र में आलूदा गांव के पास दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पिलर नंबर 194 के पास हरियाणा नंबर की अर्टिगा कार और एक अज्ञात भारी वाहन (ट्रक) के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। कार में सवार पांच लोगों में से चार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

नांगल राजावतान डीएसपी दीपक मीना के अनुसार, टक्कर के बाद कार में शव बुरी तरह फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए क्रेन और रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घायल युवक के बयान ने सभी को झकझोर दिया। उसने बताया कि टक्कर के बाद ट्रक चालक कार को कई किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस दौरान कार में फंसे लोग मदद के लिए तड़पते रहे। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक सभी ग्रेटर नोएडा के निवासी थे और उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर लौट रहे थे। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

    Previous
    Next

    Related Posts