



जयपुर के विश्वकर्मा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात गत्ते के एक गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि गोदाम में रखा लाखों रुपये का कागज और गत्ता जलकर पूरी तरह खाक हो गया। घटना मुन विहार इलाके की है, जहां रात करीब 2:30 बजे बंद गोदाम में अचानक आग लग गई।
विश्वकर्मा थाने के एएसआई मदनलाल के अनुसार, सबसे पहले गोदाम के शटर के नीचे से धुएं का गुब्बार उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में अंदर रखे कागज और गत्ते के बंडलों ने आग पकड़ ली और लपटें तेज़ी से फैलने लगीं। देखते ही देखते आग विकराल रूप में सामने आ गई और गोदाम से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।
सूचना मिलते ही विश्वकर्मा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक गोदाम में रखा सारा कीमती सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस ने मौके का मुआयना कर लिया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। गनीमत रही कि घटना के समय गोदाम बंद था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।