



जयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि देश में यदि किसी राजनीतिक दल ने संविधान का सही मायनों में सम्मान किया है तो वह भारतीय जनता पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की जब-जब सरकारें बनीं, तब-तब संविधान को सर्वोच्च सम्मान देने का कार्य किया गया। आज भाजपा के सभी कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि संवैधानिक व्यवस्थाओं के अनुरूप आचरण कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में चल रही डबल इंजन सरकार का सतत प्रयास है कि आम नागरिक को आज़ादी का वास्तविक अनुभव मिले, उसे विकास के समान अवसर प्राप्त हों और वह देश की प्रगति में सक्रिय सहभागी बने।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पदभार ग्रहण करते समय संविधान को सिर पर रखकर उसका सम्मान किया था, जो यह दर्शाता है कि भाजपा संविधान को केवल किताब नहीं बल्कि जीवन मूल्य मानती है। संविधान हमें मर्यादा, अनुशासन, समानता और कानून के पालन की सीख देता है, जिससे देश में मजबूत कानून व्यवस्था कायम रहती है और आम नागरिक सम्मान के साथ जीवन जी सकता है।
राठौड़ ने पड़ोसी देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि श्रीलंका, बांग्लादेश और पाकिस्तान जैसे देशों में संवैधानिक व्यवस्थाएं कमजोर पड़ चुकी हैं, जहां आम नागरिक अपने मौलिक अधिकारों की रक्षा नहीं कर पा रहे हैं। इसके विपरीत भारत में संविधान को सशक्त बनाया गया है और संवैधानिक मूल्यों को मजबूती से लागू किया गया है, जिसके लिए देश के नेतृत्व का सम्मान किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि संविधान को सर्वोच्च मानते हुए ऐसी व्यवस्था बनानी होगी, जिससे सर्व समाज का समग्र विकास हो सके और आम नागरिक के जीवन में व्यक्तिगत शुचिता के साथ राष्ट्रीय चरित्र का निर्माण हो।