Saturday, 29 August 2026

बड़ी चौपड़ पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया ध्वजारोहण, बोले– डबल इंजन की सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध


बड़ी चौपड़ पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया ध्वजारोहण, बोले– डबल इंजन की सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध

जयपुर की ऐतिहासिक बड़ी चौपड़ पर गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित समारोह में मुख्यमंत्रीभजनलाल शर्मा ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने देश के स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग और बलिदान से ही आज हम स्वतंत्र भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत जीवन जी रहे हैं। मुख्यमंत्री ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित उन सभी महान व्यक्तियों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान देश को दिया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें यह याद दिलाता है कि भारत संविधान के अनुरूप चलने वाला विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और आने वाले समय में तीसरे स्थान पर पहुंचने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।

शर्मा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश और देश के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। सड़क, पानी, बिजली, उद्योग और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राजस्थान उद्योग, कृषि, खनन और निवेश के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि बड़ी चौपड़ पर आयोजित यह कार्यक्रम ऐतिहासिक है और जयपुर की सांस्कृतिक विरासत व नागरिक कर्तव्यों की याद दिलाता है।

कार्यक्रम में सांसद श्रीमती मंजू शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, विधायक गोपाल शर्मा, बालमुकुंद आचार्य, निवर्तमान महापौर श्रीमती कुसुम यादव, श्रीमती सौम्या गुर्जर सहित भाजपा के अनेक नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बड़ी चौपड़ पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने किया ध्वजारोहण, कांग्रेस नेताओं की रही मौजूदगी
जयपुर की ऐतिहासिक बड़ी चौपड़ पर गणतंत्र दिवस के अवसर पर कांग्रेस की ओर से नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने ध्वजारोहण किया। बड़ी चौपड़ के दक्षिण दिशा स्थित कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर उन्होंने संविधान, लोकतंत्र और देश की एकता-अखंडता के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

इस अवसर पर राजस्थान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, महेश जोशी, विधायक रफीक खान, अमीन कागजी, प्रशांत शर्मा, वैभव गहलोत, आर.आर. तिवारी, श्री गोपाल मीणा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति के नारों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच गणतंत्र दिवस मनाया गया। नेताओं ने संविधान के मूल्यों, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने का संकल्प लिया। बड़ी चौपड़ पर आयोजित यह कार्यक्रम कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजन के लिए प्रेरणास्रोत बना


राजस्थान पुलिस मुख्यालय पर डीजीपी राजीव शर्मा ने किया ध्वजारोहण, 45 पुलिसकर्मी सम्मानित
जयपुर स्थित राजस्थान पुलिस मुख्यालय में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। सोमवार सुबह 8:15 बजे पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्री राजीव शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों एवं पुलिसकर्मियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा संविधान के प्रति निष्ठा और कर्तव्यबोध का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान राजस्थान पुलिस के उन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने कर्तव्य के निर्वहन में उत्कृष्ट, साहसिक एवं सराहनीय कार्य किए हैं। कुल 45 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किए गए। डीजीपी ने कहा कि पुलिस बल की मेहनत, अनुशासन और जनसेवा की भावना ही प्रदेश में कानून-व्यवस्था की मजबूत नींव है।

समारोह में पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिसकर्मी एवं स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और अनुशासन का वातावरण बना रहा।

Previous
Next

Related Posts