



राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 77 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार सुबह मुख्यमंत्री निवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान प्रकट किया गया। ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री को कंपनी कमांडर राजेंद्र शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान आर्म्ड कॉन्स्टेबुलरी (आर.ए.सी.) की टुकड़ी द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर और सलामी दी गई।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय कर्तव्यों को स्मरण करने का पर्व है, जो हमें राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय एवं मुख्यमंत्री निवास के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे समारोह का वातावरण राष्ट्रभक्ति और गौरव की भावना से ओत-प्रोत रहा।