



राजस्थान में गणतंत्र दिवस–2026 के अवसर पर राज्य सरकार ने जिला स्तरीय समारोहों में ध्वजारोहण के लिए मंत्रियों, मुख्य सचेतक और जिला कलेक्टरों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। कुल 23 जिलों में मंत्री और एक जिले में सरकारी मुख्य सचेतक तिरंगा फहराएंगे, जबकि 17 जिलों में जिला कलेक्टर जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में ध्वजारोहण करेंगे।
सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार 19 मंत्री अपने-अपने गृह जिलों में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में ध्वजारोहण करेंगे। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को कोटपूतली-बहरोड़ जिले में और उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा को भीलवाड़ा जिले में ध्वजारोहण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग जालौर जिले में ध्वजारोहण करेंगे।
इसके अलावा जिन जिलों में मंत्रियों की जिम्मेदारी नहीं लगाई गई है, वहां जिला कलेक्टर जिला स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण करेंगे। इन जिलों में बारां, झालावाड़, बालोतरा, भरतपुर, बूंदी, चूरू, धौलपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, जैसलमेर, झुंझुनूं, करौली, राजसमंद, सलूंबर और खैरथल–तिजारा शामिल हैं।
राज्य सरकार की इस व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गणतंत्र दिवस का आयोजन पूरे प्रदेश में गरिमापूर्ण, सुव्यवस्थित और उत्साहपूर्ण वातावरण में हो। जिला स्तर पर आयोजित होने वाले इन समारोहों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों और संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया जाएगा।
