



जयपुर। शहर में अवैध रूप से ठहरने वाले विदेशियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जयपुर पुलिस ने श्याम नगर थाना क्षेत्र में एक होटल पर छापेमारी कर थाइलैंड की तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि तीनों विदेशी महिलाएं अवैध रूप से होटल में ठहरी हुई थीं और उनके पासपोर्ट व वीजा की अवधि समाप्त हो चुकी थी।
डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ विदेशी महिलाएं शहर के होटलों में नियमों का उल्लंघन कर रह रही हैं। गोपनीय सूचना के आधार पर श्याम नगर थाना पुलिस ने निर्माण नगर स्थित होटल गोल्डन सकूरा में दबिश दी। जांच के दौरान होटल में कुल 6 विदेशी महिलाएं ठहरी हुई पाई गईं।
पुलिस द्वारा सभी महिलाओं के पासपोर्ट और वीजा की जांच की गई, जिसमें 3 महिलाओं के दस्तावेज एक्सपायर मिले। ये तीनों महिलाएं थाइलैंड की निवासी हैं और पहचान छिपाकर होटल में अवैध रूप से रह रही थीं। इसके बाद पुलिस ने तीनों विदेशी महिलाओं को विदेशी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया।
मामले में होटल मालिक अंकित यादव (26), निवासी बुहाना, झुंझुनूं के खिलाफ श्याम नगर थाने में FIR दर्ज की गई है। साथ ही होटल के नियमों के उल्लंघन को देखते हुए नगर निगम को होटल का रजिस्ट्रेशन निरस्त कराने के लिए भी पत्र लिखा गया है। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों और सुरक्षा से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी