Saturday, 29 August 2026

जयपुर में फरार हिस्ट्रीशीटर के अवैध मकान पर चला बुलडोजर, फायरिंग के बाद से आरोपी फरार


जयपुर में फरार हिस्ट्रीशीटर के अवैध मकान पर चला बुलडोजर, फायरिंग के बाद से आरोपी फरार

जयपुर। जयपुर में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। शुक्रवार दोपहर को पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई में एक फरार हिस्ट्रीशीटर के मकान पर बुलडोजर चलाया गया और अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। आरोपी हिस्ट्रीशीटर ने करीब चार दिन पहले पड़ोसी युवक पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग की थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा है।

डीसीपी (नॉर्थ) करन शर्मा ने बताया कि ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के गंगापोल निवासी रवि मेहरा (25) सुभाष चौक थाने का हिस्ट्रीशीटर है और हत्या के प्रयास के मामले में वांटेड है। चार दिन पहले आरोपी ने अपने पड़ोसी बबलू महावर (30) पर गोली चलाई थी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद से ही रवि मेहरा फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

डीसीपी शर्मा के अनुसार, जांच के दौरान यह सामने आया कि हिस्ट्रीशीटर रवि मेहरा का मकान अवैध रूप से निर्मित था। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को उसके मकान के अवैध हिस्से को बुलडोजर से तोड़ दिया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय पैदा करना और अवैध गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाना है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। साथ ही, कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Previous
Next

Related Posts