



जयपुर। जयपुर में बदमाशों द्वारा खुलेआम हुड़दंग मचाने का मामला सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के हसनपुरा इलाके में प्रेम-प्रसंग से नाराज युवती के परिजनों ने युवक के घर को निशाना बनाते हुए जमकर पथराव किया और बाहर खड़ी गाड़ियों में लाठी-डंडों से तोड़फोड़ की। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार हसनपुरा इलाके में आस-पड़ोस में रहने वाले एक युवक और युवती के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसी के चलते दोनों घर छोड़कर भाग गए। इस बात से नाराज युवती पक्ष के परिजन शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एकजुट होकर युवक के घर पहुंच गए। दर्जनभर युवक लाठी-डंडों से लैस होकर आए और युवक के घर पर पथराव शुरू कर दिया। इसके साथ ही घर के बाहर खड़ी तीन-चार कारों और एक बाइक में भी जमकर तोड़फोड़ की गई।
पथराव और तोड़फोड़ के दौरान आसपास मौजूद तीन लोग चपेट में आकर मामूली रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सदर थानाधिकारी बृजमोहन कविया पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी हुड़दंगी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर घायलों का प्राथमिक उपचार करवाया है। वहीं, घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसके आधार पर हुड़दंग मचाने वाले युवकों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।