



जयपुर। जयपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो ड्राइवर की लापरवाही के चलते चार साल की मासूम बच्ची की जान चली गई। यह हादसा गांधी नगर थाना क्षेत्र के आरटीओ चौराहे पर 18 जनवरी की रात को हुआ, जब बच्ची अपने पिता के साथ ऑटोरिक्शा में सवार थी। मोड़ पर तेज रफ्तार और लापरवाही से टर्न लेने के दौरान बच्ची ऑटो से सड़क पर गिर गई और पीछे से आ रही कार की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार शिप्रापथ स्थित अग्रवाल फॉर्म निवासी राहुल महावर (25) ने गांधी नगर थाने में ऑटोरिक्शा ड्राइवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया कि 18 जनवरी की रात करीब 9 बजे वह अपनी चार साल की बेटी वियांशी महावर को लेकर ऑटोरिक्शा से जवाहर नगर टीला नंबर-6 जा रहे थे। रास्ते में आरटीओ चौराहे पर लाल बत्ती के दौरान ऑटो ड्राइवर ने तेज रफ्तार में वाहन चलाया और अचानक लापरवाही से मोड़ ले लिया।
ऑटो के तेज और असंतुलित मोड़ के कारण पीछे बैठी मासूम वियांशी उछलकर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रही एक कार बच्ची को कुचलते हुए निकल गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की मदद से गंभीर रूप से घायल बच्ची को तुरंत एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
एक्सीडेंट थाना (ईस्ट) पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने ऑटोरिक्शा ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में ऑटो और अन्य सार्वजनिक वाहनों की तेज रफ्तार और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।