Saturday, 29 August 2026

हिंद सेवा दल का मुख्य उद्देश्य पीड़ित मानव की निस्वार्थ सेवा और समाजसेवियों का सम्मान: नेताजी जयंती पर अजमेर में सम्मान समारोह


हिंद सेवा दल का मुख्य उद्देश्य पीड़ित मानव की निस्वार्थ सेवा और समाजसेवियों का सम्मान: नेताजी जयंती पर अजमेर में सम्मान समारोह

अजमेर। पीड़ित मानव की निस्वार्थ सेवा एवं विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करना हिंद सेवा दल का मूल उद्देश्य है। इसी भावना के साथ हिंद सेवा दल द्वारा नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती के अवसर पर अजमेर स्थित सूचना केंद्र में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम नेताजी सुभाषचंद्र बोस की 129वीं जयंती एवं हिंद सेवा दल के 40वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित अवॉर्ड सम्मान समारोह के रूप में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अतिरिक्त संभागीय आयुक्त सुश्री दीप्ति शर्मा ने कहा कि नई पीढ़ी को देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों को याद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस जैसे महान नेताओं के विचारों और आदर्शों को जीवन में अपनाना आज के समय में अत्यंत आवश्यक है, ताकि राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान दिया जा सके।

हिंद सेवा दल के अध्यक्ष आरके महावर ने हिंद सेवा दल के 40वें स्थापना दिवस और नेताजी सुभाषचंद्र बोस की 129वीं जयंती के अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “जीवन में यदि कोई लक्ष्य नहीं है तो जीवन व्यर्थ है।” उन्होंने आजाद हिंद फौज के संस्थापक और स्वतंत्रता संग्राम के महानायक नेताजी सुभाषचंद्र बोस को कोटि-कोटि नमन करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित सभी देशप्रेमियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों—सेवा, शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक उत्थान एवं मानव कल्याण—में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में जगदीश नागर ने नेताजी की जीवनी पर प्रकाश डाला, पुष्पा क्षेत्रपाल एवं अन्य कलाकारों ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस पर आधारित लघु नाटक प्रस्तुत किया। इसके साथ ही छोटे बच्चों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी और कलाकार अशोक शर्मा ने भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि समाजसेवी हनुमान दयाल बंसल रहे। कार्यक्रम संयोजक दिनेश शर्मा ‘सहारा’ थे। इस अवसर पर डॉ. पीयूष अरोड़ा, डॉ. नीलिनी बाघ, कमल गर्ग, विशाल माथुर, प्रकाश खन्ना, राजेंद्र गांधी, बाला मेवाड़ा, राम किशन गुर्जर, आभा गांधी, रेखा ओझा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंच संचालन सोमरत्न आर्य ने किया, जबकि हिंद सेवा दल के अध्यक्ष श्री आर.के. महावर ने स्वागत उद्बोधन दिया। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ हुआ।

Previous
Next

Related Posts