



जयपुर। राजस्थान के सरकारी प्रमुख मेडिकल संस्थानों—एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर, जेएलएन अजमेर, एसएन मेडिकल कॉलेज जोधपुर, आरएनटी मेडिकल कॉलेज उदयपुर, एसपी मेडिकल कॉलेज बीकानेर और कोटा मेडिकल कॉलेज (राजमेस)—से संबद्ध कुल 81 अस्पतालों में जल्द ही सरस कैंटीन और फूड कोर्ट खोले जाएंगे। इसके लिए मेडिकल शिक्षा विभाग और राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (RCDF) के बीच 5 वर्षों के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) किया गया है।
इन सरस कैंटीन और फूड कोर्ट में मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ, गुणवत्तायुक्त और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। सरस उत्पादों के तहत दूध-जलेबी, समोसा, आइसक्रीम, दही-छाछ, पनीर पकौड़े, विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के साथ-साथ ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा मसाला डोसा, इडली-सांभर, खिचड़ी, दलिया और पैक्ड पानी की बोतल भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अस्पताल परिसर में ही संतुलित और सुरक्षित भोजन मिल सके।
पहले चरण में एसएमएस अस्पताल जयपुर परिसर में तीन स्थानों पर सरस फूड कोर्ट खोले जाएंगे। इसके बाद आगामी छह माह के भीतर सभी 81 अस्पतालों में सरस कैंटीन और फूड कोर्ट शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। समझौते के तहत आरसीडीएफ को अस्पताल परिसरों में कैंटीन और फूड कोर्ट के लिए स्थान मात्र 111 रुपये प्रतिमाह के नाममात्र किराए पर उपलब्ध कराया जाएगा। पूरी व्यवस्था—निर्माण, संचालन और खाद्य गुणवत्ता की जिम्मेदारी आरसीडीएफ के पास रहेगी।
सरकारी मेडिकल कॉलेजों से जुड़े अस्पतालों में सरस कैंटीन और फूड कोर्ट खोलने को लेकर अंतिम निर्णय चिकित्सा मंत्री श्री गजेंद्र सिंह खींवसर की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में लिया जाएगा। इस बैठक में सस्ती दरों पर शुद्ध एवं पौष्टिक आहार, बैठने की व्यवस्था, फूड सेफ्टी एक्ट का पालन, नियमित मॉनीटरिंग, कैंटीन के संचालन का समय और निर्माण यूनिट से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में मेडिकल शिक्षा विभाग, आरसीडीएफ के अधिकारी, मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्य और अस्पताल अधीक्षक शामिल होंगे।
मेडिकल शिक्षा आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने बताया कि सरकारी मेडिकल कॉलेजों से जुड़े अस्पतालों में सरस कैंटीन और फूड कोर्ट खोलने के लिए आरसीडीएफ से करार हो चुका है और विभिन्न अस्पतालों में स्थान चिह्नित करने की प्रक्रिया जारी है। इस पहल से अस्पतालों में आने वाले लोगों को सुरक्षित, पौष्टिक और भरोसेमंद भोजन एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेगा