



जयपुर। राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास (IAS) को उनके प्रशासनिक अनुभव, नेतृत्व क्षमता और भारत–सिंगापुर के बीच सार्वजनिक प्रशासन के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। सिंगापुर सरकार के प्रधानमंत्री कार्यालय के अंतर्गत आने वाले पब्लिक सर्विस डिवीजन (Public Service Division) की स्थायी सचिव डॉ. टैन गी कीओ (Tan Gee Keow) ने श्रीनिवास को एक औपचारिक प्रशंसा पत्र भेजकर उन्हें राजस्थान के मुख्य सचिव के रूप में नियुक्ति पर बधाई दी है।
दिनांक 7 जनवरी 2026 को जारी इस पत्र में डॉ. टैन गी कीओ ने उल्लेख किया कि वी. श्रीनिवास के कार्यकाल और मार्गदर्शन में भारत और सिंगापुर के बीच सार्वजनिक सेवाओं के क्षेत्र में सहयोग और अधिक सशक्त हुआ है। विशेष रूप से भारत के प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (DARPG) और सिंगापुर के पब्लिक सर्विस डिवीजन के बीच संयुक्त कार्य समूह (Joint Working Group) की बैठकों के दौरान नागरिकों को बेहतर सेवाएं देने को लेकर महत्वपूर्ण विचारों और अनुभवों का आदान-प्रदान हुआ।
पत्र में यह भी कहा गया है कि श्रीनिवास की मित्रता, ज्ञान और स्पष्ट विचारों से सिंगापुर को विशेष लाभ मिला है। संयुक्त कार्य समूह की बैठकों में उनकी सक्रिय उपस्थिति और योगदान को याद किया जाएगा। सिंगापुर सरकार ने उनके उज्ज्वल स्वास्थ्य और राजस्थान के मुख्य सचिव के रूप में सफल कार्यकाल की कामना भी की है।
इस अंतरराष्ट्रीय प्रशंसा को राजस्थान प्रशासनिक तंत्र के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे यह स्पष्ट होता है कि राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किए जा रहे प्रशासनिक सुधार, सुशासन और नागरिक केंद्रित पहलें वैश्विक स्तर पर भी सराही जा रही हैं। वी. श्रीनिवास इससे पहले केंद्र सरकार में भी प्रशासनिक सुधारों और लोक शिकायत निवारण के क्षेत्र में अहम भूमिका निभा चुके हैं।
