



सिरोही। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सिरोही में आयोजित ग्राम उत्थान शिविरों के उद्घाटन समारोह के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में आयोजित परीक्षाओं में ओएमआर शीट में बदलाव किए गए थे और इस मामले की परतें अब पूर्व मुख्यमंत्री के घर तक पहुंच रही हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस पूरे प्रकरण में पूर्व मुख्यमंत्री के पीएसओ की भूमिका पर सभी का ध्यान है और जांच के दायरे में आने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेताओं को अपना “चश्मा बदलवाना चाहिए”, ताकि उन्हें राजस्थान में हो रहा विकास दिखाई दे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान कई इलाकों में पलायन की स्थिति बन गई थी और लोगों को अपने घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ता था। इसी पृष्ठभूमि में राज्य सरकार ने अशांत क्षेत्र कानून लाने का निर्णय लिया है, जिससे कांग्रेस परेशान और बौखलाई हुई नजर आ रही है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर झूठ और भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एसआईआर के नाम पर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में लगातार पेपर लीक होते रहे, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल में अब तक एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोग केवल बोलने के लिए बोलते हैं, उन्हें यह तक नहीं पता होता कि वे क्या और किसके बारे में बोल रहे हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का युग है और जनता को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने दो टूक कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने जहां-जहां घोटाले किए हैं और प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है, उन सभी मामलों में सख्त कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि कानून अपना काम करेगा और दोषी चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
जवाबदेही से बचने के लिए भ्रम फैलाने वाले ध्यान से सुन लें, युवाओं के सपनों से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। pic.twitter.com/dTNENBQv35
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) January 22, 2026