



अजमेर के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में पत्नी की साजिशन हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या के मास्टरमाइंड पति भागचंद रावत (57) को पकड़ा है, जिसने पारिवारिक कलह के चलते अपनी पत्नी की हत्या किराएदारों से करवाई थी। इससे पहले इस जघन्य वारदात को अंजाम देने वाले दोनों किराएदार—अलवर निवासी हेमंत कुमार शर्मा (23) और नागौर निवासी विकास ठोलिया (19)—को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
जांच में सामने आया कि आरोपी पति ने फोन पर किराएदारों को लालच दिया था कि हत्या के बाद वह अपनी प्रॉपर्टी और जेवरात उनके नाम कर देगा। लालच में आकर दोनों युवकों ने महिला की रसोई में चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी पुलिस और परिवार को गुमराह करने के लिए आसपास ही घूमते रहे। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरी साजिश का खुलासा किया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।