



जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र के जयरामपुरा-दादर बावड़ी इलाके में बुधवार सुबह पत्थर की खदान में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। खदान में पत्थर भरते समय अचानक ऊपर से चट्टानों और पत्थरों का मलबा ढह गया, जिससे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ उसका चालक मलबे में दब गया। बताया जा रहा है कि करीब 100 फीट ऊंचाई से पत्थर गिरने के कारण यह हादसा हुआ। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद अन्य मजदूर समय रहते भाग निकले, जिससे जनहानि नहीं हुई।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (राज्य आपदा राहत बल) और हरमाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी उदय सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मलबे में दबे युवक को गंभीर हालत में बाहर निकाला। घायल मजदूर को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। मलबे में दबी ट्रैक्टर-ट्रॉली को निकालने का प्रयास भी किया गया।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। खदान में सुरक्षा मानकों, मजदूरों को उपलब्ध कराए गए सुरक्षा उपकरणों और खनन प्रक्रिया में बरती जा रही सावधानियों की जांच की जा रही है। प्रशासन की टीमें मौके पर स्थिति का जायजा ले रही हैं और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।