Sunday, 01 March 2026

डूंगरी बांध के विरोध में ट्रैक्टर रैली के दौरान बवाल, पुलिस पर पथराव; कई वाहन क्षतिग्रस्त, स्थिति नियंत्रण में


डूंगरी बांध के विरोध में ट्रैक्टर रैली के दौरान बवाल, पुलिस पर पथराव; कई वाहन क्षतिग्रस्त, स्थिति नियंत्रण में

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

भाड़ौती (सवाई माधोपुर)। पीकेसी–ईआरसीपी परियोजना के तहत सवाई माधोपुर और करौली जिले की सीमा पर बनास नदी में प्रस्तावित डूंगरी बांध के विरोध में बुधवार को अजनोटी गांव में आयोजित सभा के बाद ट्रैक्टर रैली को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। सभा के उपरांत ग्रामीणों ने ट्रैक्टर रैली निकालकर सवाई माधोपुर की ओर कूच करने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा रैली को रोकने पर कुछ ग्रामीणों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।

पथराव की घटना में पुलिस के आधा दर्जन से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, वहीं कुछ पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें भी आई हैं। इसके अलावा मौके पर खड़े कुछ निजी वाहनों के शीशे भी टूट गए। अचानक हुए पथराव के कारण पुलिस को कुछ समय के लिए पीछे हटना पड़ा। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और ग्रामीणों से संवाद कर मामला शांत कराया।

घटना के बाद लालसोट–कोटा मेगा हाईवे पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई। सवाई माधोपुर के समीप चकचैनपुरा हवाई पट्टी के पास बैरिकेड लगाकर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। आरएसी, पुलिस लाइन सहित आधा दर्जन थानों का पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात रहे, जिससे हाईवे क्षेत्र पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।

प्रशासन के अनुसार अजनोटी गांव में डूंगरी बांध रद्द करने की मांग को लेकर 76 गांवों की संयुक्त सभा और ट्रैक्टर रैली आयोजित की गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित बांध के कारण उनकी खेती की जमीन और आबादी प्रभावित हो रही है। सभा के दौरान लंबे भाषणों से नाराज होकर ग्रामीणों का एक समूह अचानक खड़ा हो गया और कुछ युवक ट्रैक्टर लेकर आगे बढ़ने लगे। पुलिस द्वारा रोकने पर पीछे खड़े लोगों ने पथराव कर दिया।

जिला प्रशासन और डूंगरी बांध संघर्ष समिति के बीच पहले ही वार्ता में यह सहमति बनी थी कि ट्रैक्टर मार्च अजनोटी गांव तक ही सीमित रहेगा और ज्ञापन सौंपकर कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि इस दौरान कुछ समाजकंटक तत्वों ने, जो संघर्ष समिति से असहमत थे, पूर्व निर्धारित व्यवस्था को तोड़ते हुए ट्रैक्टर मार्च को सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय की ओर ले जाने का प्रयास किया, जिससे हालात बिगड़े।

घटना के बाद एसडीएम स्वयं सभा स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से ज्ञापन लिया। प्रशासन ने उनकी मांगों पर समाधान का भरोसा दिलाया, जिसके बाद रैली और सभा का समापन कराया गया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और जिले में कानून-व्यवस्था सामान्य बताई जा रही है।

    Previous
    Next

    Related Posts