Friday, 13 February 2026

आईपीएल 2026 के संभावित वेन्यू में शामिल हुआ जयपुर, सवाई मानसिंह स्टेडियम के विस्तार पर काम शुरू


आईपीएल 2026 के संभावित वेन्यू में शामिल हुआ जयपुर, सवाई मानसिंह स्टेडियम के विस्तार पर काम शुरू

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जयपुर को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मुकाबलों के संभावित शहरों की सूची में शामिल किया है। यह दावा राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की एडहॉक कमेटी के संयोजक दीनदयाल कुमावत ने किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से हर संभव प्रयास किया जाएगा ताकि जयपुर में एक बार फिर आईपीएल मुकाबलों का आयोजन हो सके।

दीनदयाल कुमावत ने बताया कि आईपीएल के साथ-साथ सवाई मानसिंह स्टेडियम परिसर में एक अतिरिक्त क्रिकेट ग्राउंड को भी विकसित किया जाएगा, जहां राष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों का आयोजन किया जा सकेगा। इसी दिशा में राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं खेल विभाग के शासन सचिव नीरज के. पवन ने आरसीए एकेडमी मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान आरसीए एडहॉक कमेटी संयोजक डी.डी. कुमावत भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के बाद यह निर्णय लिया गया कि सवाई मानसिंह स्टेडियम परिसर स्थित आरसीए एकेडमी मैदान का विस्तार बीसीसीआई द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप किया जाएगा। इसके लिए निर्माण कार्य इसी सप्ताह से शुरू किया जाएगा।

आरसीए एडहॉक कमेटी के संयोजक दीनदयाल कुमावत ने जयपुर को आईपीएल 2026 के संभावित वेन्यू के रूप में शामिल किए जाने पर खुशी व्यक्त की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार के सहयोग से सवाई मानसिंह स्टेडियम में आईपीएल 2026 का सफल और भव्य आयोजन किया जाएगा। बीसीसीआई द्वारा तय सभी आवश्यक मानकों को पूरा करने के लिए आरसीए एडहॉक कमेटी जल्द ही राज्य सरकार से औपचारिक अनुरोध करेगी। इसके तहत राजस्थान रॉयल्स की टीम भी शीघ्र ही स्टेडियम का निरीक्षण करेगी।

इसी क्रम में आरसीए एडहॉक कमेटी ने जिला क्रिकेट संघों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 3 सदस्यीय समिति का गठन किया है। इस समिति का उद्देश्य जिला क्रिकेट संघों को मिलने वाले वार्षिक अनुदान, सुविधाओं के विस्तार और जिला स्तर पर खेल गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है। समिति में सुभाष जोशी को चेयरमैन जबकि विमल शर्मा और सुमेन्द्र तिवारी को सदस्य नियुक्त किया गया है।

समिति चेयरमैन सुभाष जोशी ने बताया कि आरसीए कार्यालय एवं आरसीए एकेडमी में आयोजित बैठक में आरसीए एडहॉक कमेटी संयोजक डी.डी. कुमावत सहित पांच जिला क्रिकेट संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रदेश के 20 से अधिक जिला क्रिकेट संघों से मौखिक और टेलीफोनिक रूप से सहमति प्राप्त की गई। बैठक में जिला संघों की विभिन्न मांगों और आरसीए एडहॉक कमेटी के प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई। समिति का उद्देश्य प्रदेशभर में क्रिकेट के विकास, आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

    Previous
    Next

    Related Posts